न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: आज शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित ब्लॉक-B कॉन्फ्रेंस हॉल में पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी द्वारा पलामू क्षेत्रीय पुलिस शूटिंग प्रतियोगिता–2026 के पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया. यह प्रतियोगिता 20 और 21 अगस्त को पलामू जिला के फायरिंग बट में संपन्न हुई थी, जिसमें पलामू, गढ़वा एवं लातेहार जिला बल के पुलिस अधिकारियों व कर्मियों ने कुल 13 विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया.
इस प्रतियोगिता में लातेहार जिला ने 06 इवेंट में प्रथम, 02 में द्वितीय और 06 इवेंट में तृतीय स्थान हासिल किया. पलामू जिला ने 06 इवेंट में प्रथम, 03 में द्वितीय तथा 03 इवेंट में तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि गढ़वा जिला ने 01 इवेंट में प्रथम, 08 में द्वितीय और 04 इवेंट में तृतीय स्थान हासिल किया.
व्यक्तिगत उपलब्धियों में लातेहार जिला बल के आरक्षी हरिनारायण विश्वकर्मा को बेस्ट ऑफ शॉर्ट पिस्टल/रिवॉल्वर का खिताब मिला, वहीं पलामू जिला बल के हवलदार लबोदी मरांडी ने बेस्ट ऑफ शॉर्ट कार्बाइन का खिताब अपने नाम किया. समग्र प्रदर्शन के आधार पर लातेहार जिला ओवरऑल प्रथम, गढ़वा जिला द्वितीय और पलामू जिला तृतीय स्थान पर रहा. समारोह के दौरान विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनके प्रदर्शन की सराहना की गई और सभी कर्मियों को भविष्य में भी खेल एवं शूटिंग प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया.
इसे भी पढ़ें: गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा की पलामू कोर्ट में हुई पेशी